
मोहाली :
मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरे राज्य में बिना किसी भेदभाव के लागू किया जा रहा है। वह मोहाली विधानसभा क्षेत्र के गांव चाओ माजरा, मनौली और सैनी माजरा में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों से सीधे संवाद करना, विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना, जनता से फीडबैक लेना और लंबित समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
कुलवंत सिंह ने कहा कि वर्ष 2022 में सरकार बनने के बाद से मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लगातार अपने चुनावी वादों को पूरा कर रही है और राज्य के समग्र विकास को गति दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मोहल्ला क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को मुफ्त जांच, दवाइयां और इलाज उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज भी दिया जा रहा है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक ने बताया कि ‘रंगला पंजाब’ अभियान के तहत मनौली गांव में 4 लाख रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइटें तथा 9 लाख रुपये की लागत से नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा गांव के चार जरूरतमंद परिवारों को 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि चाओ माजरा गांव में 4 लाख रुपये की लागत से गलियों और नालियों का निर्माण, 7 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान का विकास तथा दो जरूरतमंद परिवारों को 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे।
इस अवसर पर मोहाली के सीनियर डिप्टी मेयर राजिंदर प्रसाद शर्मा, डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना सहित कई स्थानीय नेता, पंचायत प्रतिनिधि और नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।