मोहाली में शिवसेना हिंदुस्तान की प्रेस कॉन्फ्रेंस, 30 अगस्त के त्रिशूल मार्च की तैयारियां तेज
पवन गुप्ता बोले—हिंदू समाज की मांगों की अनदेखी हुई तो 30 अगस्त को मोहाली से उठेगी आवाज

मोहाली :
शिवसेना हिंदुस्तान ने 30 अगस्त को मोहाली से प्रस्तावित पंजाब स्तरीय त्रिशूल मार्च को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता की अध्यक्षता में मोहाली में चंडीगढ़ और मोहाली इकाइयों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संगठन की मांगों और प्रस्तावित मार्च की रूपरेखा मीडिया के सामने रखी गई।
पवन गुप्ता ने कहा कि शिवसेना हिंदुस्तान लंबे समय से पंजाब के हिंदू समाज से जुड़े धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने दावा किया कि इन मांगों पर उचित ध्यान नहीं दिए जाने के कारण हिंदू समाज में नाराजगी और असंतोष है।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पंजाब के विभिन्न जिलों में जनसंपर्क अभियान और त्रिशूल मार्च आयोजित किए जा रहे हैं। 30 अगस्त को मोहाली से बड़े स्तर पर त्रिशूल मार्च निकाला जाएगा, जिसके माध्यम से पंजाब सरकार तक संगठन की मांगों की आवाज पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मार्च मुख्यमंत्री निवास की ओर जाएगा।
पंजाब सरकार के सामने रखी जाएंगी कई मांगें
पवन गुप्ता ने बताया कि पंजाब सरकार को सौंपे जाने वाले मांग-पत्र में आतंकवाद पीड़ित हिंदू परिवारों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज, पंजाब में हिंदू समाज को अल्पसंख्यक दर्जा एवं संबंधित अधिकार, प्राचीन हिंदू मंदिरों के प्रबंधन के लिए उचित व्यवस्था तथा पंजाब में आतंकवाद के दौरान हुए हत्याकांडों की न्यायिक जांच की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके अलावा संगठन ने गोहत्या और गो-तस्करी के खिलाफ सख्त कानून, आतंकवाद के खिलाफ शहीद हुए लोगों की याद में राष्ट्रीय स्मारक की स्थापना और हिंदू धार्मिक प्रतीकों से संबंधित कानूनी अधिकारों की मांग भी उठाई है।
संगठन ने हिंदी और संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए बोर्ड तथा शिक्षकों की भर्ती, धर्म परिवर्तन के खिलाफ कड़े प्रावधान, पटियाला के घड़ाम स्थित माता कौशल्या जी के जन्मस्थान के विकास के लिए तीर्थ संस्थान बोर्ड के गठन और भव्य मंदिर परिसर के निर्माण की मांग भी रखी है।
इसके साथ ही पंजाब के व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए व्यापारी बोर्ड के गठन की मांग भी मांग-पत्र में शामिल की गई है।
पवन गुप्ता ने कहा कि संगठन इन मांगों को लेकर पंजाब के अलग-अलग जिलों में जनसंपर्क और अन्य कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने 30 अगस्त के मार्च में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने का दावा किया।
इस मौके पर शिवसेना हिंदुस्तान के मोहाली जिला प्रभारी अखिलेश सिंह, जिला अध्यक्ष बी.एन. गिरी, अश्वनी चौधरी, महिला मंडल मोहाली अध्यक्ष किरण जैन, दीपक जैन, वेद प्रकाश विश्वकर्मा, पंजाब महासचिव कृष्ण शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
चंडीगढ़ इकाई से अजय सिंह चौहान, डॉ. राजकुमार वर्मा, संगठन मंत्री मुरारी लाल, युवा उपप्रमुख अमित अटवाल, राहुल अग्रवाल और कृष्ण चौहान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।