टॉप न्यूज़दिल्ली NCRदुनियादेशपंजाबमहाराष्ट्रमुंबईयूपीराजनीतिराजस्थानराज्यराष्ट्रीयलोकल न्यूज़शिक्षा

मोहाली का ऐतिहासिक शिलान्यास पत्थर गायब, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने शहर की विरासत की अनदेखी पर जताई चिंता, मोहाली स्थापना दिवस मनाने की भी उठाई मांग

मोहाली:

पंजाब के प्रमुख शहरों में शामिल मोहाली अपनी ऐतिहासिक पहचान को लेकर सवालों के घेरे में है। साहिबजादा अजीत सिंह नगर (एसएएस नगर) की स्थापना के प्रतीक के रूप में 1 नवंबर 1975 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ज्ञानी जैल सिंह द्वारा फेज-1 स्थित कमला मार्केट के पास रखी गई शिलान्यास पट्टिका कथित तौर पर अपने मूल स्थान से गायब है। इस मामले ने शहर की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भाजपा जिला मोहाली के अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने इस मुद्दे को उठाते हुए ऐतिहासिक धरोहर की अनदेखी पर चिंता जताई है। उन्होंने शहर के इतिहास को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को इसकी स्थापना से जुड़े तथ्यों से परिचित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मोहाली ने पिछले पांच दशकों में एक नियोजित शहर से औद्योगिक, शैक्षणिक, आईटी और व्यावसायिक केंद्र के रूप में उल्लेखनीय विकास किया है। इसके बावजूद, शहर की स्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल का संरक्षण नहीं हो पाना चिंता का विषय है। शहर के स्थापना दिवस को उचित पहचान और सम्मान दिलाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाने की जरूरत है।

इस मामले में पंजाब सरकार, गमाडा, नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की गई है कि शिलान्यास पट्टिका के गायब होने की जांच करवाई जाए, उसके मूल स्थान की पहचान की जाए और वहां ऐतिहासिक विवरण तथा स्थापना समारोह से संबंधित तस्वीरों सहित एक स्थायी स्मारक पट्टिका स्थापित की जाए।

इसके साथ ही, प्रत्येक वर्ष 1 नवंबर को आधिकारिक तौर पर मोहाली स्थापना दिवस मनाने की पहल की जानी चाहिए, ताकि शहर की स्थापना के इतिहास और इसके पीछे की सोच को सम्मान मिल सके।

मोहाली ने विकास की लंबी यात्रा तय की है, लेकिन शहर की स्थापना से जुड़े ऐतिहासिक प्रतीक का गायब होना विरासत संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और मोहाली की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!