सेक्टर-42 के सभी पार्कों, ग्रीन बेल्ट और वॉकिंग ट्रैक की होगी मरम्मत व पेंटिंग: जसबीर सिंह बंटी
वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू, एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य

चंडीगढ़ :
सेक्टर-42 के पार्कों, ग्रीन बेल्ट और वॉकिंग ट्रैक को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से मरम्मत एवं पेंटिंग के कार्य करवाए जाएंगे। इसी कड़ी में आज सेक्टर-42 बी में मकान नंबर 1086 के नजदीक वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत, टो-वॉल की मरम्मत, पेंटिंग और ग्रिल की मरम्मत के कार्य का उद्घाटन पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं वार्ड पार्षद जसबीर सिंह बंटी की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर पवन सिंगला ने नारियल तोड़कर कार्य की शुरुआत करवाई।
जसबीर सिंह बंटी ने बताया कि सेक्टर-42 बी के वॉकिंग ट्रैक के साथ-साथ सेक्टर-42 की ग्रीन बेल्ट ए, बी और सेक्टर-42 सी, डी सहित सभी पार्कों की टो-वॉल की मरम्मत और पेंटिंग करवाई जाएगी। जिन पार्कों के वॉकिंग ट्रैक खराब हो चुके हैं, उन्हें भी ठीक करवाकर बेहतर स्थिति में तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वार्ड के पार्कों और ग्रीन बेल्ट को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय निवासियों, विशेषकर बुजुर्गों को सुबह और शाम की सैर के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस मौके पर सेक्टर-42 बी के प्रधान राज कुमार शर्मा ने जसबीर सिंह बंटी और नगर निगम का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि गांव अटावा और सेक्टर-42 के निवासी प्रतिदिन इस पार्क में सैर करने आते हैं। स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन डालने के बाद वॉकिंग ट्रैक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे विशेषकर बुजुर्गों को काफी परेशानी होती थी। लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग की जा रही थी। अब काम शुरू होने से स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।
नगर निगम के जेई दिव्यदीप ने बताया कि वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत का काम लगभग एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही टो-वॉल की मरम्मत का कार्य भी इसी महीने पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर मनोहर सिंह, किक्कर सिंह, गुरदयाल सिंह, आर.एस. चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। उपस्थित निवासियों ने क्षेत्र में विकास कार्य करवाने के लिए जसबीर सिंह बंटी का आभार व्यक्त किया।