टॉप न्यूज़पंजाबराजनीतिलोकल न्यूज़

मोहाली के सांझ केंद्रों पर लटके ताले, कर्मचारियों की ड्यूटी संगरूर में लगाई; जनता परेशान

सामाजिक कार्यकर्ता रमेश कुमार वर्मा ने पंजाब सरकार, डीजीपी और मोहाली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से की तत्काल स्टाफ तैनात करने की मांग

मोहाली।

मोहाली में आम जनता को सरकारी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बनाए गए सांझ केंद्रों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि मोहाली के सांझ केंद्रों में तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी संगरूर जिले में लगाए जाने के कारण कई केंद्र बंद पड़े हैं और उनके गेट पर ताले लटके हुए हैं। इससे अपने जरूरी काम करवाने के लिए सांझ केंद्रों में पहुंच रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता रमेश कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने स्वयं फेज-8 और फेज-11 स्थित सांझ केंद्रों का दौरा किया, जहां दोनों केंद्र बंद मिले। मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार फेज-8 के कर्मचारी की ड्यूटी संगरूर में लगाई गई है। वहीं, फेज-11 सांझ केंद्र के कर्मचारी रविंदर ने भी बताया कि उसकी ड्यूटी पिछले एक सप्ताह से मोहाली से बाहर लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि फेज-8 थाना, फेज-11 थाना और सोहाना (सेक्टर-79) थाना क्षेत्र से जुड़े सांझ केंद्रों की स्थिति भी चिंता का विषय है। मोहाली जैसे बड़े शहर में यदि सांझ केंद्रों के कर्मचारियों को दूसरे जिले में तैनात कर दिया जाएगा तो यहां के लोगों को सरकारी सेवाएं कौन उपलब्ध करवाएगा?

रमेश कुमार वर्मा ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाना प्रशासन का फैसला हो सकता है, लेकिन इसके कारण मोहाली के लोगों को बुनियादी सरकारी सुविधाओं से वंचित रखना कहां तक उचित है?

उन्होंने कहा कि सांझ केंद्रों में लोग विभिन्न प्रमाण पत्रों, जरूरी दस्तावेजों, गुम हुए दस्तावेजों की रिपोर्ट और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में केंद्रों पर ताले लगे होने और कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण आम लोगों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

उन्होंने पंजाब सरकार, डीजीपी पंजाब और मोहाली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि मोहाली के सभी सांझ केंद्रों में तत्काल पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की जाए। यदि किसी कर्मचारी की ड्यूटी संगरूर या किसी अन्य जिले में लगाई जाती है तो उसकी जगह वैकल्पिक कर्मचारी तैनात किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

उन्होंने सरकार से यह भी सवाल किया कि क्या मोहाली के लोगों को सांझ केंद्रों की सुविधाओं की आवश्यकता नहीं है? उन्होंने कहा कि मोहाली के नागरिकों को भी समय पर सरकारी सेवाएं मिलनी चाहिए और प्रशासन को इस मामले में तुरंत उचित कदम उठाने चाहिए।

रमेश कुमार वर्मा
सामाजिक कार्यकर्ता, मोहाली

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!