भरत मिलाप का भावुक मंचन, विधायक कुलवंत सिंह बोले—रामलीला मनोरंजन नहीं, जीवन जीने की सीख है
भरत मिलाप का भावुक मंचन, विधायक कुलवंत सिंह बोले—रामलीला मनोरंजन नहीं, जीवन जीने की सीख है

मोहाली:
भाई के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश करने वाले भरत मिलाप के प्रसंग ने रामलीला एवं दशहरा ग्राउंड, फेज-1, मोहाली में दर्शकों को भावुक कर दिया। श्री रामलीला एवं दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला की छठी रात्रि में भरत मिलाप का मंचन किया गया। इस अवसर पर मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन जीने की सीख देने वाला मंच है। भगवान श्रीराम की लीलाओं से हमें माता-पिता की सेवा, भाई-भाई के बीच प्रेम और त्याग तथा पत्नी के सम्मान और मर्यादा की रक्षा करने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना बेहद जरूरी है। अभिभावकों को अपने बच्चों को रामलीला दिखानी चाहिए, ताकि वे भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर पारिवारिक मूल्यों, कर्तव्य और रिश्तों की अहमियत को समझ सकें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे रामलीला को केवल मनोरंजन के रूप में न देखें, बल्कि इससे मिलने वाली सीख को अपने जीवन में अपनाएं।
भरत मिलाप के मंचन में भगवान श्रीराम के प्रति भरत के प्रेम, त्याग और भाईचारे की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। वनवास के दौरान श्रीराम से मिलने पहुंचे भरत का प्रसंग भारतीय संस्कृति में पारिवारिक प्रेम और निस्वार्थ समर्पण की मिसाल माना जाता है।
मंचन में भगवान श्रीराम की भूमिका प्रतीक, लक्ष्मण की भूमिका संदीप राणा, माता सीता की भूमिका शिवानी, भरत की भूमिका कमल और शत्रुघ्न की भूमिका यशमीत ने निभाई। वहीं कौशल्या की भूमिका मोनिका, कैकेयी की भूमिका शानू, सुमित्रा की भूमिका कंचन और मंथरा की भूमिका साध्वी ने निभाई। अन्य कलाकारों ने भी विभिन्न पात्रों के माध्यम से प्रसंग को जीवंत बनाया।
श्री रामलीला एवं दशहरा कमेटी के अध्यक्ष आशु सूद के नेतृत्व में आयोजित यह रामलीला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास है। रामलीला का मंचन 19 अक्टूबर तक जारी रहेगा, जबकि 20 अक्टूबर को विजयादशमी उत्सव मनाया जाएगा। विजयादशमी के तुरंत बाद राजतिलक समारोह भी आयोजित किया जाएगा।