
मोहाली :
ज्ञान ज्योति इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, फेज-2, मोहाली में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र जिला निर्वाचन कार्यालय-कम-उपायुक्त, एसएएस नगर की टीम द्वारा जिला नोडल अधिकारी, SVEEP गुरबक्शिश सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, पात्रता मानदंड तथा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision of Electoral Rolls) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए मतदाता के रूप में पंजीकरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
अभियान को विद्यार्थियों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। सत्र के दौरान 100 से अधिक पात्र विद्यार्थियों ने स्वयं को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराया। इसके अलावा, परिसर में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने और अन्य पात्र विद्यार्थियों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने हेतु Campus Election Ambassadors भी नियुक्त किए गए।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए ज्ञान ज्योति के निदेशक डॉ. अनीत बेदी ने कहा कि युवा मतदाता लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने 100 से अधिक विद्यार्थियों के आगे आकर मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने पर खुशी व्यक्त की।
डॉ. बेदी ने कहा कि इस तरह की पहल युवाओं को उनके मताधिकार और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभियान से अधिक से अधिक युवा अपने चुनावी अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।