‘खेड़ा वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 की मशाल यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत
‘खेड़ा वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 की मशाल यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत

मोहाली:
‘खेड़ा वतन पंजाब दियां सीजन-4, 2026’ की मशाल यात्रा (मशाल मार्च) का आज बालाचौर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। मशाल पड़ोसी जिले रूपनगर से यहां पहुंची, जहां विधायक संतोष कटारिया ने एसडीएम सुनील फोगाट, जिला खेल अधिकारी वंदना चौहान और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में इसका स्वागत किया।
इस मौके पर विधायक संतोष कटारिया ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार गांवों में आधुनिक खेल मैदान विकसित कर जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत कर रही है। बेहतर सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे।
कटारिया ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, दृढ़ता, चरित्र और खेल भावना का विकास भी करते हैं।
मशाल यात्रा में अंतरराष्ट्रीय एथलीट अनामिका, वॉलीबॉल खिलाड़ी नवीन, मनप्रीत सिंह और मनजिंदर सिंह, राज्य स्तरीय एथलीट अनाक्षी तथा बैडमिंटन कोच रमन सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया।
एसबीएस नगर में रात्रि विश्राम के बाद मशाल यात्रा 21 अगस्त को जालंधर के लिए रवाना होगी और ‘खेड़ा वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 के आगामी आयोजन को लेकर अपना सफर जारी रखेगी।