मेयर की भूमिका पर भाजपा के सवाल, विधायक कुलवंत सिंह पर लगाया हस्तक्षेप का आरोप
मेयर की भूमिका पर भाजपा के सवाल, विधायक कुलवंत सिंह पर लगाया हस्तक्षेप का आरोप

मोहाली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को मोहाली नगर निगम की पहली हाउस मीटिंग में विधायक कुलवंत सिंह की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन पर नगर निगम के कामकाज में हस्तक्षेप और परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने कहा कि हाउस मीटिंग के दौरान मेयर सरबजीत सिंह समाना की तुलना में विधायक कुलवंत सिंह अधिक सक्रिय नजर आए। उनका आरोप है कि पार्षदों द्वारा उठाए गए अधिकांश सवालों के जवाब विधायक ने स्वयं दिए, जबकि मेयर की भूमिका सीमित दिखाई दी।वशिष्ठ ने कहा कि इससे ऐसा प्रतीत होता है कि विधायक अपने पुत्र और मेयर सरबजीत सिंह समाना को स्वतंत्र रूप से काम करने और अपनी नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति नगर निगम की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।भाजपा नेता ने कहा कि यदि विधायक स्वयं ही नगर निगम के अधिकांश मामलों में जवाब देना और निर्णय लेना चाहते हैं, तो उन्हें अपने बेटे को आगे करने के बजाय स्वयं मेयर का पद संभालना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा घटनाक्रम परिवारवाद की राजनीति को दर्शाता है।संजीव वशिष्ठ ने यह भी दावा किया कि पिछले चार वर्षों के दौरान विधायक कुलवंत सिंह नगर निगम की हाउस बैठकों में शायद ही कभी सक्रिय रूप से दिखाई दिए हों, लेकिन उनके पुत्र के मेयर बनने के बाद पहली ही बैठक में उनकी सक्रियता कई सवाल खड़े करती है।उन्होंने कहा कि नगर निगम एक लोकतांत्रिक संस्था है और इसमें चुने गए जनप्रतिनिधियों को बिना किसी अनावश्यक राजनीतिक हस्तक्षेप के अपनी जिम्मेदारियों का स्वतंत्र रूप से निर्वहन करने का अवसर मिलना चाहिए। वशिष्ठ ने आरोप लगाया कि पहली हाउस मीटिंग से ऐसा संदेश गया कि नगर निगम का संचालन निर्वाचित मेयर के बजाय पर्दे के पीछे से किया जा रहा है।