
चंडीगढ़ :
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत अब तक पंजाब भर में 67,000 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशे के कारोबार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और अवैध नशीले पदार्थों की सप्लाई तथा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संधवां ने कहा कि नशे के खात्मे के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
स्पीकर ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में नशा तस्करों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कुलतार सिंह संधवां ने अभिभावकों से भी अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने और उनके साथ अधिक समय बिताने की अपील की ताकि वे नशे जैसी बुरी आदतों और गलत संगत से दूर रह सकें। उन्होंने युवाओं को खेलों और शिक्षा की ओर प्रेरित करते हुए कहा कि इससे उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है।
उन्होंने कहा कि सरकार के लगातार प्रयासों से नशे की आपूर्ति करने वाले बड़े नेटवर्कों पर प्रभावी कार्रवाई की गई है और हजारों युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया गया है। संधवां ने दोहराया कि परिवारों, समाज और कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के सामूहिक प्रयासों से ही पंजाब के भविष्य को नशे के खतरे से सुरक्षित रखा जा सकता है।