बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

मोहाली:
मोहाली जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा सेक्टर-115 स्थित वरुण शर्मा अकादमी में आयोजित तीन दिवसीय जिला जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन हो गया। प्रतियोगिता एसोसिएशन के अध्यक्ष हरकीरत सिंह और सलाहकार ए.के. कौशल की देखरेख में कराई गई।
चैंपियनशिप में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबले हुए, जिनमें युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल और प्रतिस्पर्धी भावना का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में भाजपा नेता एवं अमे फाउंडेशन की चेयरपर्सन आभा बंसल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
एसोसिएशन के सचिव परमिंदर शर्मा ने बताया कि अंडर-11 लड़कों के सिंगल्स में रुद्रांश शर्मा ने एकमवीर सिंह को 15-8, 15-2 से हराकर खिताब जीता, जबकि लड़कियों के सिंगल्स में एवलिन ने गुरबानी को हराकर जीत दर्ज की।
अंडर-13 में विराज ने लड़कों के सिंगल्स और अनाहिता राणा ने लड़कियों के सिंगल्स का खिताब जीता। लड़कियों के डबल्स में कृष्णिका गोसाईं और मायरा पासी विजेता रहीं।
अंडर-15 में मनन राणा ने लड़कों के सिंगल्स और औनिका दुग्गल ने लड़कियों के सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया। लड़कों के डबल्स में सक्षम और सिद्धार्थ, लड़कियों के डबल्स में जसनीत और ओमिशा तथा मिक्स्ड डबल्स में सक्षम और रियांशी विजेता रहे।
अंडर-17 में भी मनन राणा ने लड़कों के सिंगल्स और औनिका दुग्गल ने लड़कियों के सिंगल्स का खिताब जीता। लड़कों के डबल्स में मनकीरत सिंह और सुजल सिंगला ने पहला स्थान हासिल किया।