मोहाली में ठोस कचरा प्रबंधन का संकट: कुलजीत सिंह बेदी ने प्रताप सिंह बाजवा से विधानसभा में मुद्दा उठाने की मांग की
मोहाली में ठोस कचरा प्रबंधन का संकट: कुलजीत सिंह बेदी ने प्रताप सिंह बाजवा से विधानसभा में मुद्दा उठाने की मांग की

मोहाली:
मोहाली के पूर्व डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता प्रताप सिंह बाजवा को पत्र लिखकर आगामी विधानसभा सत्र में मोहाली के ठोस कचरा प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) के गंभीर मुद्दे को मजबूती से उठाने की मांग की है।
अपने पत्र में बेदी ने कहा कि पंजाब की मिनी राजधानी और राज्य के प्रमुख शहरों में शामिल मोहाली आज भी स्थायी डंपिंग ग्राउंड से वंचित है। उन्होंने बताया कि पहले मौजूद डंपिंग ग्राउंड को अदालत और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेशों के बाद बंद कर दिया गया था, लेकिन सरकार अब तक कोई स्थायी और व्यवहारिक समाधान उपलब्ध नहीं करा सकी है।
बेदी ने आरोप लगाया कि नगर निगम शहर के विभिन्न आरएमसी प्वाइंट्स और खाली स्थानों के बाहर कचरा फेंक रहा है, जिससे गंदगी, दुर्गंध और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर शहरवासियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ा हुआ है।
पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह स्वयं पंजाब विधानसभा में समगौली स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट को शुरू करने की मांग कर चुके हैं। वहीं दूसरी ओर डेराबस्सी से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने इस परियोजना का विरोध करते हुए कहा था कि इससे 15 से 20 गांव प्रभावित होंगे। बेदी ने कहा कि सरकार के अपने विधायकों के परस्पर विरोधी रुख के कारण यह महत्वपूर्ण मुद्दा आज तक लंबित पड़ा हुआ है और इसकी कीमत मोहाली की जनता को चुकानी पड़ रही है।
कुलजीत सिंह बेदी ने यह भी दावा किया कि मोहाली का कचरा मौसमी नालों में डाला जा रहा है, जो न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है बल्कि कानूनी रूप से भी गलत है, क्योंकि जल स्रोतों और जल निकायों में कचरा फेंकने की अनुमति नहीं है।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा से अपील की कि विधानसभा सत्र शुरू होने पर वह इस गंभीर जनहित के मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाएं और सरकार से यह स्पष्ट जवाब मांगें कि मोहाली के ठोस कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था कब और कैसे लागू की जाएगी।
बेदी ने उम्मीद जताई कि मोहाली के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस अहम मुद्दे को विधानसभा में गंभीरता से उठाया जाएगा।
इस संबंध में कुलजीत सिंह बेदी ने बताया कि प्रताप सिंह बाजवा ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वह पंजाब विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे और मोहाली के लोगों की मांग को मजबूती से सरकार के सामने रखेंगे, ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।