टॉप न्यूज़राजनीति

मोहाली के शहीद बलबीर सिंह हॉकी स्टेडियम में जनगणना 2027 को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित

डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने किया स्टॉल का उद्घाटन, विद्यार्थियों और दर्शकों को दी जनगणना की जानकारी

मोहाली :

जनगणना 2027 के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनगणना विभाग पंजाब की ओर से 4 और 5 नवंबर को मोहाली के शहीद बलबीर सिंह हॉकी स्टेडियम में दो दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर जागरूकता स्टॉल का उद्घाटन डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी कोमल मित्तल, आईएएस ने किया। इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर गीतिका सिंह, पीसीएस भी जनगणना टीम के सदस्यों के साथ उपस्थित रहीं।

यह अभियान पंजाब सरकार के ‘इंडिया का गेम’ कार्यक्रम के तहत स्टेडियम में आयोजित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के हॉकी मैचों के साथ चलाया गया। इसका उद्देश्य बड़ी संख्या में दर्शकों, विशेषकर युवा विद्यार्थियों तक पहुंच बनाकर आगामी जनगणना 2027 के प्रति जागरूकता फैलाना था।

अभियान के तहत स्टेडियम में जनगणना 2027 की थीम पर आकर्षक डिस्प्ले स्टैंड और विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाए गए। इनके माध्यम से दर्शकों को जनगणना के महत्व की जानकारी दी गई। स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं ने भी इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान जनगणना विभाग के अधिकारियों ने जनगणना 2027 के विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए नागरिकों से इस राष्ट्रीय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। जानकारी के अनुसार, पंजाब में स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी। वहीं, 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक संशोधन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

नागरिकों को बताया गया कि स्व-गणना की सुविधा के तहत परिवार आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन अपनी पारिवारिक जानकारी दर्ज करवा सकेंगे। यह प्रक्रिया घर-घर जाकर जनगणना शुरू होने से पहले पूरी की जा सकेगी।

जागरूकता अभियान के दौरान दर्शकों को जनगणना 2027 के लोगो वाली टोपियां, जानकारीपूर्ण पैंफलेट और नोटपैड भी वितरित किए गए। विशेष रूप से स्कूली विद्यार्थियों ने इन टोपियों में काफी रुचि दिखाई।

इस अभियान के माध्यम से जनगणना विभाग ने आकर्षक प्रचार गतिविधियों के जरिए आम नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को जनगणना 2027 के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!