दिवाली से पहले छोटे व्यापारियों को परेशान करना दुर्भाग्यपूर्ण: संजीव वशिष्ठ
फेज-7 मोहाली में नगर निगम की कार्रवाई पर उठाए सवाल, कमिश्नर और मेयर से हस्तक्षेप की मांग

मोहाली:
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने फेज-7 मोहाली में रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ नगर निगम की टीम द्वारा की गई कथित कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दिवाली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पहले छोटे व्यापारियों को परेशान करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
संजीव वशिष्ठ ने कहा कि रेहड़ी-फड़ी लगाकर अपने परिवारों का पालन-पोषण करने वाले छोटे व्यापारी भी समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। त्योहारों के मौसम में ये व्यापारी अपनी पूंजी लगाकर सामान खरीदते हैं, ताकि कुछ कमाई करके अपने परिवारों की जरूरतें पूरी कर सकें। ऐसे समय में उन्हें बिना उचित कारण परेशान करना उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर डालता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि रेहड़ी-फड़ी वालों ने निर्धारित फीस जमा करवाई है और उनके पास इसकी वैध रसीदें भी मौजूद हैं, तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आधार क्या है? उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार के नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो संबंधित व्यापारियों को इसकी स्पष्ट जानकारी देकर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
वशिष्ठ ने जोर देकर कहा कि जिन व्यापारियों ने आवश्यक फीस जमा करवाई है, उनके साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने नगर निगम के कमिश्नर और मेयर से मामले में हस्तक्षेप करने तथा छोटे व्यापारियों की समस्याओं का उचित समाधान करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान छोटे व्यापारियों को राहत देने और उनकी आजीविका का ध्यान रखने की जरूरत है, ताकि वे भी बिना किसी अनावश्यक परेशानी के दिवाली का त्योहार मना सकें।