
मोहाली :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा विधानसभा हलका मोहाली में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मालविंदर सिंह कंग ने विधायक कुलवंत सिंह की उपस्थिति में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब भर में विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय पार्षद स्वेच्छा से आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं ताकि सरकार के सहयोग से अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्य करवाकर जनता से किए गए वादों को पूरा कर सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्षद पर पार्टी में शामिल होने के लिए कोई दबाव नहीं बनाया गया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कंग ने कहा कि पार्टी में अनुशासन का अभाव है और उसके नेता केवल कुर्सी की राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पंजाब के मुद्दों की चिंता नहीं है।
मोहाली में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि विधायक कुलवंत सिंह के प्रयासों से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाएं चल रही हैं तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का जिक्र करते हुए सभी पार्षदों और सरपंचों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने मतदाता पहचान पत्र और वोट संबंधी प्रक्रिया को समय पर पूरा करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि स्थानीय पार्षदों द्वारा उठाई गई सभी मांगों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के लिए प्रूनिंग मशीन जल्द मोहाली पहुंच जाएगी, जिससे पेड़ों की कटाई-छंटाई और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं ने लंबे समय तक इस मशीन के आने में बाधा डाली।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण टीम को पौधों की देखभाल के लिए पानी के टैंकर भी सौंपे गए हैं। साथ ही सांसद मालविंदर सिंह कंग के सांसद निधि कोष से सोलर लाइटों सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए अनुदान उपलब्ध कराया गया है, जिसके लिए उन्होंने सांसद का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने बताया कि आने वाले समय में सांसद निधि से और भी विकास कार्यों के लिए धनराशि जारी होगी, जिससे मोहाली क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और तेज होगा तथा लोगों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सकेगा।
उन्होंने विभिन्न गांवों में स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि गांव कुरड़ा में सांसद निधि से आरसीसी बेंच लगाए गए हैं तथा ‘रंगला पंजाब’ अभियान के तहत पंचायत घर के लिए 5 लाख रुपये जारी किए गए हैं। गांव पट्टों में सोलर लाइटें लगाई गई हैं तथा स्ट्रीट लाइटों के लिए 3 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 4 लाख रुपये अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटों तथा आंगनवाड़ी केंद्र के लिए 5 लाख रुपये भी जल्द जारी किए जाएंगे।
गांव गोबिंदगढ़ में सोलर लाइटों के लिए 1.91 लाख रुपये तथा स्ट्रीट लाइटों और सड़क मोड़ों पर कॉन्वेक्स मिरर लगाने के लिए 4 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त धर्मशाला और अन्य स्ट्रीट लाइट परियोजनाओं के लिए भी अलग-अलग अनुदान जारी किए जाएंगे। वहीं गांव लांडरां में सोलर लाइटों के लिए 1.99 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इस अवसर पर मोहाली नगर निगम के वरिष्ठ उपमहापौर कुलदीप सिंह समाना, उपमहापौर हरपाल सिंह चन्ना, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह मौली, जसपाल सिंह मटौर तथा तरलोचन सिंह मटौर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।