चंडीगढ़ में 22 सितंबर को होगा ‘आईफोन लंगर’, राजा डी किंग ने किया ऐलान
चंडीगढ़ में 22 सितंबर को होगा ‘आईफोन लंगर’, राजा डी किंग ने किया ऐलान

चंडीगढ़,:
‘राजा डी किंग’ के नाम से मशहूर राकेश ट्रेहन ने अपने चर्चित ‘आईफोन लंगर’ के आयोजन की तारीख का ऐलान कर दिया है। यह कार्यक्रम 22 सितंबर को चंडीगढ़ में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
राकेश ट्रेहन के अनुसार, कार्यक्रम में चयनित लोगों को आईफोन ‘प्रसाद’ के रूप में दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन चंडीगढ़ और मोहाली के निवासियों के लिए होगा और इसमें किसी तरह का भेदभाव या किसी को विशेष प्राथमिकता नहीं दी जाएगी।
ट्रेहन ने बताया कि 22 सितंबर की तारीख उन्हें ‘जय माता दी’ से मिली आध्यात्मिक प्रेरणा के आधार पर तय हुई है। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाइव प्रसारण कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से शुरू होने वाला यह अभियान आगे पंजाब के अन्य शहरों तक ले जाया जाएगा। 22 सितंबर को पंजाब के 10 और शहरों के नामों की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद आने वाले दिनों में अन्य शहरों में भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे।
ट्रेहन ने बताया कि शुरुआती वितरण में आईफोन 17 मॉडल दिए जाएंगे, जिसकी कीमत उन्होंने करीब 1 लाख रुपये बताई। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मॉडल देने के बजाय केवल आईफोन 17 देने का निर्णय लिया गया है।
‘आईफोन लंगर’ की घोषणा के बाद लोगों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। ट्रेहन ने दावा किया कि इस घोषणा को पिछले आयोजनों की तुलना में काफी ज्यादा प्रतिक्रिया मिली है।