
चंडीगढ़ :
चंडीगढ़ मैनेजमेंट एसोसिएशन (CMA) और देश भगत यूनिवर्सिटी (DBU) के बीच राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह एमओयू सेक्टर-8 स्थित यूनिवर्सिटी के चंडीगढ़ कार्यालय में देश भगत यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. जोरा सिंह और सीएमए के अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने हस्ताक्षरित किया।
इस साझेदारी के तहत दोनों संस्थान इंडस्ट्री इंटरैक्शन, विशेषज्ञ व्याख्यान, इंटर्नशिप, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, शोध सहयोग तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सीएमए की महासचिव एवं सीईओ डॉ. नवजोत कौर, उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र पाल सिंह, संयुक्त सचिव सरदार सुखविंदर सिंह भाटिया, सीएमए के पूर्व अध्यक्ष सरदार सुखविंदर सिंह, डीबीयू की प्रो-चांसलर डॉ. तेजिंदर कौर तथा सीईओ डॉ. तुलिका उपस्थित रहीं।
सीएमए ने बताया कि अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता और महासचिव डॉ. नवजोत कौर के नेतृत्व में यह दूसरा शैक्षणिक एमओयू है। इससे पहले सीएमए ने लैमरिन टेक स्किल्स यूनिवर्सिटी के साथ भी साझेदारी की थी। संस्था का कहना है कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्योग–शिक्षा समन्वय के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
