जिला व्यापारी आयोग ने लंबित शिकायतों की समीक्षा की, विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश
जिला व्यापारी आयोग ने लंबित शिकायतों की समीक्षा की, विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश

मोहाली :
जिला व्यापारी आयोग की एक समीक्षा बैठक आज जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला व्यापारी आयोग के चेयरमैन रंजीत पाल सिंह ने की। इस दौरान सहायक आयुक्त (जनरल) डॉ. अंकिता कंसल भी उपस्थित रहीं। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों और दुकानदारों की ओर से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करना था।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान जिला व्यापारी आयोग के चेयरमैन रंजीत पाल सिंह ने विभागवार लंबित शिकायतों और मामलों की समीक्षा की। सहायक आयुक्त डॉ. अंकिता कंसल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
बैठक में सामने आया कि अधिकांश शिकायतें पावरकॉम, गमाडा (GMADA), सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों और नगर निगम से संबंधित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हुई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और लंबित मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त (जनरल) डॉ. अंकिता कंसल ने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने तथा उनके मामलों में हुई प्रगति की जानकारी समय-समय पर देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय से शिकायतों का तेजी से समाधान किया जा सकता है और प्रशासन के प्रति आम जनता का विश्वास मजबूत होगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा आयोग के उपाध्यक्ष तरलोचन सिंह बैदवान, खरड़ विधानसभा क्षेत्र के चेयरमैन यशपाल बंसल, मोहाली विधानसभा क्षेत्र के चेयरमैन अकविंदर सिंह गोसल तथा अन्य व्यापारिक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।