श्रीमद् भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया
हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयकारों से गूंजा पंडाल, भजनों पर देर शाम तक झूमे श्रद्धालु

मोहाली :
श्री सनातन धर्म मंदिर, फेज-4 में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथा पंडाल भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने भजनों पर नृत्य करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और देर शाम तक भक्ति में लीन रहे।
वृंदावन से पधारे स्वामी धन्वंतरि दास जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया। जैसे ही स्वामी जी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनाया, पूरा पंडाल ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान कई भक्ति भजनों का गायन किया गया, जिन पर श्रद्धालु खुशी से झूमते और नृत्य करते नजर आए। स्वामी धन्वंतरि दास जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम और समर्पण का संदेश दिया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर कथा पंडाल को विशेष रूप से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महाआरती के समय पूरा वातावरण ‘हरे कृष्ण-हरे राम’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु देर शाम तक भजनों पर नृत्य करते रहे।
इस अवसर पर श्री सनातन धर्म मंदिर, फेज-4 के मुख्य पुजारी लक्की शर्मा सहित अन्य पुजारियों ने धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग दिया। मंदिर कमेटी के प्रधान देशराज गुप्ता, सह-उपप्रधान राज कुमार कालिया, उपप्रधान सतीश कुमार, महासचिव राज कुमार शर्मा, कैशियर राकेश कुमार गुप्ता, अंशुल बंसल और संजीव शर्मा उर्फ बॉबी सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं में योगदान दिया।
महिला मंडल की प्रधान दिनेश चंदन, इंद्रा रानी, पुष्पा शर्मा, राजकुमारी, शशि, नीलम और अर्चना सहित अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।
कथा के उपरांत महाप्रसाद वितरण किया गया तथा अटूट भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर कमेटी, महिला मंडल और अन्य सेवादारों ने कार्यक्रम के दौरान सेवा निभाई।
मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने पहुंच रहे हैं और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त कर रहे हैं।
