मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत मोहाली से रवाना हुईं 86वीं, 87वीं और 88वीं बसें
अगस्त से रोजाना छह बसें श्रद्धालुओं को लेकर जाएंगी तीर्थ स्थलों की यात्रा: विधायक कुलवंत सिंह

मोहाली, 23 जुलाई:
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत गुरुवार को मोहाली विधानसभा क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर 86वीं, 87वीं और 88वीं बसों को विधायक कुलवंत सिंह ने रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जनसेवा के लिए समर्पित है और प्रदेशभर के लोगों को निःशुल्क धार्मिक यात्राओं की सुविधा उपलब्ध करा रही है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने बताया कि योजना की शुरुआत में मोहाली विधानसभा क्षेत्र से चार-पांच बसें ही रवाना होती थीं, लेकिन यात्रा कर लौटे श्रद्धालुओं के सकारात्मक अनुभवों के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इस योजना के लिए पंजीकरण करवाना शुरू कर दिया। बढ़ती मांग को देखते हुए अब मोहाली से प्रतिदिन तीन बसें रवाना हो रही हैं और अगस्त माह से इनकी संख्या बढ़ाकर छह बसें प्रतिदिन कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को श्री अमृतसर साहिब के अलावा खाटू श्याम, सालासर, वृंदावन और हरिद्वार जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा भी करवाई जाएगी। मोहाली विधानसभा क्षेत्र के 254 बूथों से कम से कम एक-एक बस श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा पर भेजी जाएगी।
विधायक ने कहा कि यह योजना पूरे पंजाब, विशेषकर मोहाली में काफी लोकप्रिय हो रही है और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक इसका लाभ उठा रहे हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री हरमंदिर साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, रामतीर्थ वाल्मीकि मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग सहित कई धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में गाइड भी उपलब्ध हैं, जो विभिन्न स्थलों के इतिहास और महत्व की जानकारी देते हैं।
आज पहली बस जुझार नगर, दूसरी फेज-9 और तीसरी बस गांव तंगौरी से रवाना की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के विधानसभा क्षेत्र समन्वयक एवं स्टेट अवार्डी फूलराज सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कुलवंत सिंह ने कहा कि इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजना पहले किसी सरकार ने शुरू नहीं की। उन्होंने इसका श्रेय आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को देते हुए कहा कि उनकी सोच के कारण लोगों को मुफ्त तीर्थ यात्रा का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है। महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे को पूरा करने के लिए बड़े स्तर पर पंजीकरण का कार्य भी जारी है। साथ ही मोहाली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। लोगों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए नियमित रूप से ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह समाना, डॉ. कुलदीप सिंह, राजिंदर प्रसाद शर्मा, हरपाल सिंह चन्ना, जसपाल सिंह मटौर, गुरप्रीत सिंह बरियाली, मलकीत सिंह, हरपाल सिंह तलौली, अमरजीत सिंह, इकबाल सिंह, बिक्रम सिंह संधू, रवि कुमार, कुलदीप सिंह तंगौरी, जगजीत सिंह जग्गू, बलजीत सिंह हैप्पी, प्रगट सिंह सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।