बरेली में नकली बजाज इलेक्ट्रिक गीजर असेंबली यूनिट का भंडाफोड़
बरेली में नकली बजाज इलेक्ट्रिक गीजर असेंबली यूनिट का भंडाफोड़

बरेली :
बरेली के आंवला थाना पुलिस ने बजाज ब्रांड के नाम पर नकली इलेक्ट्रिक गीजर तैयार करने और उनकी आपूर्ति करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में कॉपीराइट एक्ट, 1957 की धारा 63 और 65 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
यह शिकायत चंडीगढ़ स्थित स्पीड नेटवर्क्स द्वारा दर्ज कराई गई है, जो बजाज इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड की अधिकृत प्रतिनिधि संस्था है। शिकायत के अनुसार आरोपी बड़े पैमाने पर बजाज के ट्रेडमार्क का अवैध उपयोग करते हुए नकली इलेक्ट्रिक गीजर और अन्य इलेक्ट्रिकल व इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का असेंबली और वितरण कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये नकली उत्पाद घटिया गुणवत्ता के थे, जो उपभोक्ताओं के लिए गंभीर जानलेवा खतरा साबित हो सकते थे। इसके साथ ही इस अवैध गतिविधि से कंपनी की साख और ब्रांड वैल्यू को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
शिकायत में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आरोपियों की यह गतिविधियां कॉपीराइट एक्ट और ट्रेड मार्क्स एक्ट दोनों का स्पष्ट उल्लंघन हैं, जिसके चलते सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत मिलते ही आंवला पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरे सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी और मौके से सभी नकली गीजर व संबंधित सामग्री की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।