
मोहाली :
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में सूचीबद्ध मोहाली स्थित कंपनी जंजूआ ओवरसीज लिमिटेड के निदेशक मंडल (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) ने अपने मौजूदा शेयरधारकों को बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कंपनी के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर मेजर हरजिंदर सिंह जंजूआ (सेवानिवृत्त) ने बताया कि बोर्ड ने प्रत्येक 24 मौजूदा इक्विटी शेयरों पर 7 बोनस इक्विटी शेयर जारी करने की मंजूरी दी है। ये बोनस शेयर 10 रुपये अंकित मूल्य वाले पूर्ण रूप से चुकता (फुली पेड-अप) इक्विटी शेयर होंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए संबंधित नियामक प्राधिकरणों की मंजूरी तथा कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों की स्वीकृति प्राप्त करना आवश्यक होगा।
बैठक के दौरान बोर्ड ने एपीटी एंड के एलएलपी, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को कंपनी का वैधानिक लेखा परीक्षक (स्टैच्यूटरी ऑडिटर) नियुक्त करने की भी मंजूरी दी। इसके अलावा, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निदेशक मंडल की रिपोर्ट, वार्षिक रिपोर्ट तथा एजीएम नोटिस को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
कंपनी ने यह भी घोषणा की कि उसकी 34वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 21 अगस्त 2026 को शाम 4:30 बजे कंपनी के पंजीकृत कार्यालय में आयोजित की जाएगी। यह बैठक कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (एमसीए) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और संबंधित परिपत्रों के अनुरूप आयोजित की जाएगी।
