जसविंदर भल्ला को पंजाब के नेताओं और कलाकारों ने दी श्रद्धांजलि

मोहाली
पंजाब के हास्य कलाकार जसविंदर भल्ला के निधन पर प्रदेश के नेताओं और कलाकारों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंद, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति सतबीर सिंह गोसल और उपायुक्त कोमल मित्तल ने उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर पुष्पांजलि अर्पित की।
मंत्री सौंद ने कहा कि जसविंदर भल्ला एक महान इंसान और पंजाबियों का गौरव थे। उन्होंने भल्ला द्वारा निभाई गई “चाचा चत्र सिंह” की भूमिका को याद करते हुए कहा, “हम आपको, आपके शब्दों और अभिनय को हमेशा याद रखेंगे।” उन्होंने बताया कि भल्ला ने 40 वर्षों से अधिक समय तक पंजाबी संस्कृति और हास्य कला की सेवा की और उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति सतबीर सिंह गोसल ने कहा कि भल्ला ने अपने हास्य और व्यंग्यात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दुनिया भर में पंजाबी संस्कृति को पहचान दिलाई। उपयुक्त कोमल मित्तल ने भी कहा कि भल्ला ने एक हास्य कलाकार, शिक्षक और अभिनेता के रूप में जो पहचान बनाई, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
अंतिम संस्कार में ब्रिटेन से सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी, विधायक कुलवंत सिंह, पंजाबी हास्य कलाकार और भल्ला के पुराने सहयोगी बाल मुकंद शर्मा, रूपनगर रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर, गायक और अभिनेता मोहम्मद सादिक, हंस राज हंस, गिप्पी ग्रेवाल, जसबीर जस्सी, बिन्नू ढिल्लों, करमजीत अनमोल, गुरप्रीत घुग्गी, अमर नूरी, मलकीत सिंह रौनी, बीएन शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
